उत्तरकाशी में चला पौधरोपण अभियान, 60 पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

उत्तरकाशी। वन महोत्सव सप्ताह के तहत उत्तरकाशी वन प्रभाग ने रविवार को बाड़ाहाट वन क्षेत्र के महिडांडा में विशेष पौधरोपण अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के 60 पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश दिया गया। अभियान प्रभागीय वनाधिकारी डी.पी. बलूनी के निर्देशन में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व वन क्षेत्राधिकारी मुकेश रतूड़ी ने किया। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में पौधों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना इसका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और लगातार बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच अधिक से अधिक वृक्षारोपण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है।

अभियान के दौरान बांज, देवदार, आंवला, माल्टा, कचनार और दाड़िम जैसी स्थानीय एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने इन पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया, ताकि आने वाले वर्षों में ये पौधे घने वृक्ष बनकर क्षेत्र की हरियाली और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती प्रदान कर सकें।

पौधरोपण कार्यक्रम में बाड़ाहाट अनुभाग और वर्णावत यूनिट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर अनुभाग अधिकारी जयकिशन भारती, वन बीट अधिकारी राजेंद्र राणा, नागेंद्र राणा और दिवाकर राणा, वाहन चालक संदीप पंवार, जीआरईएफ टेखला के पटिल विलास काशीनाथ सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

वन विभाग ने आम नागरिकों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। विभाग का कहना है कि जनसहभागिता से ही हरित उत्तराखंड के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *