ऊखीमठ CHC में फिजिशियन डॉ. किरण रावत ने संभाला कार्यभार, 28 दिन के आंदोलन के बाद मिली सफलता

ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में फिजिशियन डॉ. किरण रावत ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सक की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों को अब स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है। फिजिशियन की तैनाती पर संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर उनका गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।  संघर्ष समिति ने इसे 28 दिनों तक चले जनआंदोलन की बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल और राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट का आभार जताया।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि जनता के सामूहिक संघर्ष और एकजुटता के परिणामस्वरूप अस्पताल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा मिलने के साथ फिजिशियन की तैनाती संभव हुई है। अब क्षेत्र के मरीजों को सामान्य और गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए श्रीनगर, रुद्रप्रयाग और देहरादून नहीं जाना पड़ेगा।

हालांकि, समिति ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को पूरी तरह मजबूत बनाने के लिए अभी अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, आधुनिक चिकित्सा उपकरण, जांच सुविधाएं और पर्याप्त मेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराना जरूरी है।

समिति ने शासन-प्रशासन से अस्पताल में सभी आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही स्पष्ट किया कि क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, संघर्ष समिति एवं व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, पूर्व सभासद बलवंत रावत, कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष कर्मवीर कुंवर, राजेंद्र धर्म्वाण और महेंद्र रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *