रुद्रप्रयाग। भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह स्थल के रूप में प्रसिद्ध त्रियुगीनारायण धाम में तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस वर्ष अब तक 3 लाख 58 हजार 663 से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंच चुके हैं। आगामी शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए यहां पर्यटन कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद है। त्रियुगीनारायण धाम धार्मिक मान्यता, पौराणिक महत्व और प्राकृतिक सुंदरता के कारण देशभर के श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या का सीधा लाभ स्थानीय होटल, होम स्टे, रेस्टोरेंट, ढाबा, टैक्सी और छोटे व्यापारियों को मिल रहा है। विशेष रूप से त्रियुगीनारायण में विवाह समारोह आयोजित करने के लिए देशभर से पहुंच रहे जोड़ों और उनके परिजनों की बढ़ती रुचि से स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को नई संभावनाएं मिल रही हैं।
मंदिर के प्रबंधक बलवीर सिंह नेगी ने बताया कि इस वर्ष अब तक 3,58,663 से अधिक तीर्थयात्री धाम पहुंच चुके हैं। शादी-विवाह का सीजन शुरू होने के साथ ही यात्रियों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।
स्थानीय व्यापारियों को उम्मीद है कि आगामी सीजन में होटल, होम स्टे, खानपान और परिवहन कारोबार को गति मिलेगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
