जिला कलेक्ट्रेट सभागार में गोविंद बल्लभ पंत जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम

नई टिहरी। भारत रत्न से सम्मानित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर जिला कलेक्ट्रेट सभागार नई टिहरी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल द्वारा पंडित पंत के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके उपरांत आईएएस प्रशिक्षु स्नेहिल कुंवर सिंह, एडीएम ए.के. पांडेय तथा कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की भूमिका केवल शासनादेशों को लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यालय में प्राप्त महत्वपूर्ण पत्रों पर तत्काल संज्ञान लिया जाए और उन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डीएम ने निर्देश दिया कि किसी भी बैठक का कार्यवृत्त 24 घंटे के भीतर तैयार हो और कार्यालय में प्राप्त पत्रों पर की गई कार्यवाही की मासिक रिपोर्ट भी तैयार की जाए।

उन्होंने कहा कि कार्यप्रणाली में और अधिक सुधार लाने की आवश्यकता है और इस दिशा में कर्मचारियों की जो भी मांगें हों, उन्हें समय रहते पूरा किया जाएगा। डीएम ने कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों को पूरी सक्रियता और निष्ठा से निभाएं, ताकि जनता का विश्वास शासन-प्रशासन पर कायम रहे और उनके बीच सकारात्मक संदेश पहुंचे।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में व्यैक्तिक अधिकारी चंदन शाह, प्रशासनिक अधिकारी गोदाम्बरी डबराज सहित कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के योगदान को याद करते हुए सभी ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *