नई टिहरी में साप्ताहिक स्वच्छता अभियान, जिलाधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष की अगुवाई में चला सफाई अभियान

टिहरी।  जिला मुख्यालय नई टिहरी में बुधवार को साप्ताहिक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने किया। पडियार हाउस से डाइजर तक चलाए गए इस सफाई कार्यक्रम में जिला स्तरीय अधिकारियों, समाज सेवियों, पर्यावरण मित्रों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर शहर में 15 अगस्त से प्रत्येक बुधवार को यह विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान क्षेत्र में फैले प्लास्टिक कचरे को एकत्रित किया गया, झाड़ियों की कटान की गई और जमा कचरे को नगर पालिका के वाहनों के माध्यम से डंपिंग जोन तक भेजा गया। इस दौरान लोगों को सफाई के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया।

डीएम नितिका खंडेलवाल ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने आस-पास स्वच्छता बनाए रखें और घर से निकलने वाले जैविक व अजैविक कचरे को अलग-अलग कर प्रतिदिन नगर पालिका के कूड़ा वाहनों में ही डालें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

अभियान में अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह, सभासद विजय कठैत, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। अभियान के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने संकल्प लिया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में वे सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *