श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। श्रीनगर स्थित एसएसबी केदार फायरिंग रेंज में आयोजित तीन दिवसीय प्रादेशिक अंतर्जनपदीय एवं वाहिनी राइफल, रिवॉल्वर और पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों और वाहिनियों की 12 टीमों ने प्रतिभाग कर निशानेबाजी में अपने कौशल, एकाग्रता और अनुशासन का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विजेता टीमों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

राइफल शूटिंग में IRB द्वितीय प्रथम
प्रतियोगिता की ओवरऑल राइफल शूटिंग स्पर्धा में आईआरबी द्वितीय ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि 40वीं वाहिनी पीएसी दूसरे स्थान पर रही।
वहीं, ओवरऑल रिवॉल्वर एवं पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में 31वीं वाहिनी पीएसी ने प्रथम और आईआरबी प्रथम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में 31वीं वाहिनी पीएसी के हेड कांस्टेबल प्रशांत को सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज के खिताब से नवाजा गया।
पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक हैं प्रतियोगिताएं : अनूप काला
समापन समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक (संचार), पौड़ी अनूप काला ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन, मेहनत और अनुशासन की सराहना की।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने राइफल, रिवॉल्वर और पिस्टल की विभिन्न स्पर्धाओं में सटीक निशाने लगाकर अपनी दक्षता का परिचय दिया। इस तरह की प्रतियोगिताएं पुलिस बल की फायरिंग क्षमता, तत्परता, आत्मविश्वास और कार्यकुशलता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों और वाहिनियों की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य पुलिसकर्मियों की निशानेबाजी क्षमता को बेहतर बनाने के साथ-साथ अनुशासन और पेशेवर दक्षता को प्रोत्साहित करना रहा।
