नई टिहरी। भाजपा टिहरी विधानसभा क्षेत्र द्वारा आयोजित आत्मनिर्भर भारत अभियान सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने स्वदेशी अपनाने और उसे घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ रहा है, और इस मिशन को सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।
जिला मुख्यालय नई टिहरी में आयोजित सम्मेलन का शुभारंभ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी शैलेंद्र बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति, परंपरा और यहां निर्मित वस्तुओं पर हर नागरिक को गर्व होना चाहिए। स्वदेशी जागरण अभियान के माध्यम से समाज में भारतीय उत्पादों के उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संघ के पंच परिवर्तन कार्यक्रम में स्वदेशी को प्रमुखता से शामिल किया गया है, जो आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है।
शैलेंद्र बिष्ट ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ष्मन की बातष् कार्यक्रम को नियमित रूप से सुनें और उसकी तस्वीरें सरल एप तथा नमो एप पर अपलोड करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया गया है, उसे साकार करने में प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता की भूमिका निर्णायक होगी।
जिलाध्यक्ष उदय रावत ने कहा कि संगठन द्वारा दिए गए सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की जिम्मेदारी हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता की है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना ही सच्ची सेवा है। सम्मेलन के संयोजक एवं विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार जनहित के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
