कांवड़ यात्रा के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार, यात्रा मार्ग पर 24 घंटे संचालित होंगी मेडिकल रिलीफ पोस्ट

 

 

देहरादून।   आगामी 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। जिला प्रशासन के निर्देशों के अनुसार यात्रा मार्ग पर व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

 

स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थलों और चिन्हित चेक पोस्टों पर स्वास्थ्य निगरानी की विशेष व्यवस्था की है। यात्रा अवधि के दौरान विभिन्न स्थानों पर मेडिकल रिलीफ पोस्ट (एमआरपी) स्थापित की जाएंगी, जहां डॉक्टर, फिजिशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और वार्ड बॉय 24 घंटे तैनात रहेंगे।

 

एमआरपी पर श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाइयों और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सक्रिय रहकर श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों पर नजर रखेंगी।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा चिन्हित श्यामपुर चौकी और आईडीपीएल में स्थापित मेडिकल रिलीफ पोस्ट 24 घंटे संचालित रहेंगी, जहां रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों की शिफ्टवार तैनाती की जाएगी।

 

उन्होंने बताया कि बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी, जिससे आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके और कांवड़ यात्रा सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *