देहरादून। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा 21 से 23 जुलाई, 2026 तक चिल्ड्रन्स पार्क, चकराता में “विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)” विषय पर तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास एवं आजीविका संबंधी पहलों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा विकसित भारत के संकल्प में जनभागीदारी बढ़ाना है।
कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि आयोजन के दौरान चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकसित भारत की विकास यात्रा और प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत विशेष जन-जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित होंगी, जिनमें युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

तीन दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताएं, सरकारी योजनाओं से संबंधित सूचना स्टॉल, विशेषज्ञों द्वारा परामर्श तथा आमजन के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया जाएगा।
आयोजन का सांस्कृतिक आकर्षण जौनसार क्षेत्र के स्थानीय लोक कलाकारों की लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुतियां होंगी, जो क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेंगी।
केंद्रीय संचार ब्यूरो ने क्षेत्र के नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं से 21 से 23 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच चिल्ड्रन्स पार्क, चकराता में आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
