देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से देहरादून जनपद में आगामी दिनों के लिए भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। 20 जुलाई के लिए जारी रेड अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागाध्यक्षों, विभागीय नोडल अधिकारियों और क्विक रिस्पांस टीमों (क्यूआरटी) को 24 घंटे सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले का आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और किसी भी संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट, 20 जुलाई को रेड अलर्ट तथा 21 जुलाई को फिर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस अवधि में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा, जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका जताई गई है।

प्रशासन ने भूस्खलन और जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर मानव संसाधन, जेसीबी मशीनें, राहत एवं बचाव उपकरणों की अग्रिम तैनाती के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि किसी भी अप्रिय घटना या आपदा की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही विभाग आपसी समन्वय के साथ स्थिति की लगातार निगरानी रखें, जिससे किसी भी आपात परिस्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आमजन से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें, अनावश्यक रूप से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
