Your Website Description

उपभोक्ता से अभद्रता के आरोप में मीटर रीडर पर कार्रवाई, UPCL ने उपनल को वापस भेजा

देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और अनुचित आचरण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मीटर रीडर के खिलाफ कार्रवाई की है। विद्युत वितरण खंड (उत्तर), देहरादून में उपनल के माध्यम से कार्यरत मीटर रीडर राजेन्द्र सिंह रावत को विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (उपनल) को वापस भेज दिया गया है।

ऑडियो-वीडियो साक्ष्यों के आधार पर हुई जांच

विभाग के अनुसार, मीटर रीडर राजेन्द्र सिंह रावत के खिलाफ उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार और अनुचित आचरण किए जाने संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच कराई गई।

जांच के दौरान संबंधित प्रकरण में उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग और वीडियो साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही अधिशासी अभियंता स्तर पर गठित जांच समितियों ने भी मामले की पड़ताल की। जांच आख्या में संबंधित कर्मचारी द्वारा उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और अनुचित आचरण किए जाने के आरोपों की पुष्टि हुई।

उपनल को भेजा गया कार्यमुक्ति का आदेश

जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए प्रकरण उपनल को भेजा गया। विभाग ने मीटर रीडर राजेन्द्र सिंह रावत को विद्युत वितरण खंड की सेवाओं से कार्यमुक्त कर उपनल को वापस कर दिया है।

उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं : प्रबंध निदेशक

UPCL के प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट किया है कि विद्युत विभाग में उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार, अभद्रता, अनावश्यक दबाव अथवा अनुचित आचरण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस तरह की शिकायतें मिलने पर निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले कार्मिकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अवैध धनराशि मांगने पर तत्काल करें शिकायत

विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि विभाग का कोई कर्मचारी उनके साथ अनुचित व्यवहार या अभद्रता करता है अथवा किसी कार्य के बदले अवैध धनराशि की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिशासी अभियंता या विभाग के उच्चाधिकारियों को दें।

विभाग का कहना है कि प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके अधिकारों और सम्मान की भी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *