Your Website Description

जौलजीबी मेले में विवाद के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, लैंसडाउन चौक पर फूंका विधायक हरीश धामी का पुतला

महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता, बोले- सार्वजनिक मंचों की गरिमा और मर्यादा का रखा जाए ध्यान

देहरादून। पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति कांग्रेस विधायक हरीश धामी की कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। इसी के विरोध में रविवार को भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लैंसडाउन चौक पर प्रदर्शन कर विधायक हरीश धामी का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सार्वजनिक मंचों की गरिमा बनाए रखने की अपील की।

प्रदर्शन के दौरान महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने विधायक हरीश धामी के कथित बयान पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और सांस्कृतिक मंचों की अपनी एक गरिमा होती है। ऐसे आयोजनों में जनप्रतिनिधियों से मर्यादित भाषा और शालीन व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। मेले जैसे सांस्कृतिक आयोजन में इस तरह की टिप्पणी किया जाना मंच की गरिमा और सार्वजनिक मर्यादाओं पर सवाल खड़े करता है।

सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश के विकास और जनकल्याण की जिम्मेदारी सौंपी है। किसी भी जनप्रतिनिधि को राजनीतिक मतभेद व्यक्त करते समय भाषा की मर्यादा और सार्वजनिक मंच की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन उसकी अभिव्यक्ति शालीन एवं मर्यादित भाषा में होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश की गरिमा, सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सदैव सजग हैं। सार्वजनिक मंचों पर इस प्रकार की टिप्पणियां स्वीकार्य नहीं हैं और भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करते रहेंगे।

प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर विधायक के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हुई तो विरोध प्रदर्शन को व्यापक आंदोलन का रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *