देहरादून। जनपद देहरादून में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में बताया कि वर्ष 2003 और 2026 की मतदाता सूचियों के मिलान में विसंगतियां मिलने पर 5.47 लाख मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अब तक 74 हजार नोटिस वितरित किए जा चुके हैं और शेष अगले दो-तीन दिनों में बांट दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर नोटिस तामील करा रहे हैं तथा निर्वाचन आयोग के निर्धारित ऐप पर इसका सत्यापन भी किया जा रहा है। जिले में अब तक 11.90 लाख से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 3 अगस्त से 29 अगस्त तक सभी बूथों पर विशेष सुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां मतदाता अपने विवरण में संशोधन करा सकेंगे। इस दौरान नए पात्र मतदाताओं के फार्म-6 भी स्वीकार किए जाएंगे। सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक कर मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा, जबकि 15 सितंबर को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित होगी।
देहरादून जिले की 10 विधानसभा क्षेत्रों में 2045 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। पूरी प्रक्रिया के लिए 10 निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और 222 सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) तैनात किए गए हैं।
