रुद्रप्रयाग को मिली नई सीएमओ, डॉ. पारूल गोयल ने संभाला कार्यभार

 

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग की नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. पारूल गोयल ने गुरुवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

 

कार्यभार संभालने के बाद डॉ. पारूल गोयल ने कहा कि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

 

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए टीम भावना के साथ कार्य किया जाएगा।

 

डॉ. गोयल ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समय की पाबंदी, जवाबदेही और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार लाने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *