कांवड़ यात्रा के दौरान लंगरों की खाद्य सुरक्षा जांच तेज, 20 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए

नई टिहरी। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर गंगोत्री यात्रा मार्ग पर संचालित लंगरों और भंडारों की खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार आकस्मिक जांच की जा रही है। विभाग की टीम ने बागबाट, गाजणा, आमसेरा, नागणी, फकोट सहित विभिन्न स्थानों पर संचालित कांवड़ सेवा लंगरों एवं भंडारों का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सभी भंडारा संचालकों को श्रद्धालुओं को स्वच्छ, ताजा और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का किसी भी स्थिति में उपयोग न करने की सख्त हिदायत भी दी गई। विभाग के अनुसार निरीक्षण के दौरान सभी स्थानों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई, सब्जी, आटा, दाल, चावल समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के लगभग 20 नमूने एकत्रित कर गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण दल में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान तथा सहायक श्रीचंद कुमाई शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *