देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचा, कुम्भ मेला-2027 एवं आपदा सुरक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
बाजपुर में चिकित्सकों के आवास हेतु 4 करोड़ स्वीकृत
जनपद ऊधम सिंह नगर के अंतर्गत उपजिला चिकित्सालय, बाजपुर में 6 चिकित्साधिकारियों के लिए आवासीय भवन निर्माण हेतु ₹4 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को गति
कुम्भ मेला-2027 के अंतर्गत जनपद हरिद्वार में प्रस्तावित पुलिस कमांड कंट्रोल सेंटर भवन निर्माण के लिए ₹50.27 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके साथ ही हर की पैड़ी से ललतारों सेतु तक गलियों के सुधारीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य हेतु ₹9 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। यह कार्य स्मार्ट सिटी पीआईयू, लोक निर्माण विभाग, देहरादून द्वारा कराया जाएगा।
आपदा न्यूनीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्यों को मंजूरी
राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र खानपुर (जनपद हरिद्वार) में असुरक्षित सेतुओं के तहत मोटर मार्ग के किमी 23 पर आरसीसी सेतु की क्षतिग्रस्त एप्रोच के सुरक्षात्मक कार्य हेतु ₹6.67 करोड़ के सापेक्ष ₹2.67 करोड़ की प्रथम किश्त जारी करने का अनुमोदन दिया गया।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण हेतु ₹32.50 करोड़ की मांग के सापेक्ष ₹25 करोड़ की धनराशि राज्य आपदा मोचन निधि से स्वीकृत की गई है।
विभिन्न जनपदों में बाढ़ सुरक्षा कार्य
-
चम्पावत (पूर्णागिरी) में हुड्डी नदी से ग्राम छानीगोठ की सुरक्षा हेतु ₹5.75 करोड़ में से ₹2.30 करोड़ की प्रथम किश्त।
-
चमोली (गैरसैंण) में रामगंगा नदी तट पर भू-कटाव रोकने हेतु ₹6.83 करोड़ में से ₹2.74 करोड़ की प्रथम किश्त।
-
उत्तरकाशी (भटवाड़ी, हर्षिल) में भागीरथी नदी तट पर सुरक्षात्मक कार्य हेतु ₹10.24 करोड़ में से ₹4.10 करोड़ की प्रथम किश्त।
-
देहरादून (धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र) में सुसवा नदी के दोनों तटों पर बाढ़ सुरक्षा योजना हेतु ₹4.30 करोड़ में से ₹1.72 करोड़ की प्रथम किश्त।
अन्य महत्वपूर्ण निर्णय
-
नगर पंचायत, ईमलीखेड़ा में लीगेसी वेस्ट निस्तारण हेतु ₹13.90 लाख की स्वीकृति।
-
जनपद पौड़ी गढ़वाल के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोबरियासार, रिखणीखाल का नाम शहीद अनुज नेगी के नाम पर रखे जाने को मंजूरी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता और धार्मिक पर्यटन अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएंगे।
