नई टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल के मुख्यालय स्थित विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की जिला प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा।
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा वित्तपोषित यह केंद्र वर्तमान में जिला अस्पताल बौराड़ी में संचालित हो रहा है। इस केंद्र के माध्यम से दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण, कृत्रिम अंग, शैक्षिक सेवाएं और व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जा सके।
एक वर्ष की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत
बैठक में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के नोडल अधिकारी सुशील बहुगुणा ने मार्च 2025 से फरवरी 2026 तक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक वर्ष में जिले में कुल 8990 यूडीआईडी कार्ड बनाए गए। साथ ही 6827 दिव्यांगजनों को पेंशन का लाभ मिल रहा है।
इस अवधि में 9502 जरूरतमंदों को कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और छड़ी जैसे सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त 8997 नए दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिससे लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
स्वरोजगार से जुड़ रहे दिव्यांगजन
आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी प्रशासन ने कदम उठाए हैं। स्वरोजगार के लिए प्राप्त 21 आवेदनों में से 12 लाभार्थियों को सफलतापूर्वक स्वरोजगार से जोड़ा गया। इन लाभार्थियों ने परचून की दुकान, डेयरी, टेंट हाउस, सिलाई केंद्र, लघु उद्योग और गारमेंट की दुकान जैसे उद्यम शुरू किए हैं।
विद्यालयों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 2100 विद्यार्थियों को भी लाभान्वित किया गया।
विभागों को दिए गए निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बाल विकास विभाग को निर्देश दिए कि जनपद में निवासरत दिव्यांगजनों की सटीक और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए। शिक्षा विभाग को दिव्यांग छात्रों की शैक्षिक स्थिति का ब्यौरा प्रस्तुत करने तथा लीड बैंक अधिकारी को बैंक ऋण से संबंधित लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, एलडीएम मनीष मिश्रा, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
