चिन्यालीसौड़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विकास खंड परिसर चिन्यालीसौड़ में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा अधिकारियों की मौजूदगी में अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित यह अभियान आमजन को राहत पहुंचाने में कारगर साबित हुआ है और इससे प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनी है। उन्होंने बताया कि अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। साथ ही 40 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक न जाना पड़े। इसी उद्देश्य से गांव-गांव में शिविर लगाकर मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

हेलीकॉप्टर सेवा और चारधाम यात्रा की तैयारियां
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हेली सेवा के विस्तार को लेकर कहा कि चिन्यालीसौड़ एवं गौचर हवाई पट्टी से हेली सेवा शुरू की जाएगी। दोनों हवाई पट्टियों को सेना के माध्यम से संचालित करने की योजना है। उन्होंने बताया कि अप्रैल से चार धाम यात्रा शुरू हो जाएगी और सरकार ने इसकी तैयारियां पहले से ही शुरू कर दी हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरकार यात्रा संचालन में समन्वयक की भूमिका निभा रही है, जबकि स्थानीय हितधारक, तीर्थ पुरोहित, होटल व्यवसायी, टैक्सी और मैक्सी संचालक यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया में सनातन संस्कृति का उद्घोष हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व में अग्रणी भूमिका निभाएगा। विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।
महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं द्वारा उत्पादित उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अब तक दो लाख से अधिक लखपति दीदियों को सशक्त किया जा चुका है। स्थानीय लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री ने सीएचसी चिन्यालीसौड़ और महाविद्यालय के उच्चीकरण को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने का आश्वासन दिया।

मुख्य सचिव ने भी की सराहना
मुख्य सचिव आनन्द वर्द्धन ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यह अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। अब तक पांच लाख से अधिक नागरिकों ने भाग लिया और 40 हजार से अधिक प्रमाण पत्र जारी किए गए। जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव नहीं हो पाया, उन्हें ऑनलाइन दर्ज कर नियमित फॉलोअप के माध्यम से निस्तारित किया जा रहा है।
इस अवसर पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल, प्रताप पंवार, गीताराम गौड़, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी भाजपा मनवीर चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा डॉ. स्वराज विद्वान, ब्लॉक प्रमुख रणबीर सिंह महंत, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
