कृषि, पर्यटन व उद्योग योजनाओं की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा

देहरादून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में कृषि, पशुपालन, पर्यटन और उद्योग विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं से अधिक से अधिक लोगों को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के कौशल विकास, पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ देने और बजट का पूर्ण आउटकम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सेब की अति सघन बागवानी योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने, किसानों के भुगतान समय पर करने, कीवी और शहद उत्पादन को बढ़ावा देने तथा शहद के ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि राज्य के 29 उत्पादों को जीआई टैग मिला है और इस वर्ष 25 नए उत्पाद चिन्हित किए जाएंगे। स्टेट मिलेट पॉलिसी के तहत अब तक 5,386 मीट्रिक टन मिलेट की खरीद की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत चार वर्षों में 33,620 लोगों को लाभ मिला है। पर्यटन की विभिन्न योजनाओं और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से भी हजारों लोगों को रोजगार मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *