PM श्री विद्यालयों के विद्यार्थियों को मिला शैक्षिक भ्रमण का सुनहरा अवसर

70 छात्र-छात्राएं ऐतिहासिक नगर हैदराबाद के लिए रवाना

नई टिहरी।  जनपद के पीएम श्री विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षिक अनुभव को समृद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इन विद्यालयों के कुल 70 छात्र-छात्राओं एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों का संयुक्त दल शैक्षिक भ्रमण हेतु ऐतिहासिक शहर हैदराबाद के लिए रवाना हुआ।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बस को हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। बच्चों के चेहरों पर उत्साह और उमंग देखते ही बन रही थी। रवानगी से पूर्व सभी विद्यार्थियों को यात्रा बैग वितरित किए गए तथा मिठाई खिलाकर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की गई।

किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी जरूरी: जिलाधिकारी

दल के प्रस्थान के पश्चात जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने छात्र-छात्राओं से विशेष संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि व्यावहारिक ज्ञान और अनुभव भी उतना ही महत्वपूर्ण है। यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए सीखने का एक यादगार अवसर सिद्ध होगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि हैदराबाद भारत का एक प्रमुख ऐतिहासिक नगर है, जहां विद्यार्थियों को देश की समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को निकट से जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को गोलकुंडा किला, चारमीनार, सालार जंग संग्रहालय, चौमहल्ला पैलेस और कुतुब शाही मकबरों जैसे विश्व प्रसिद्ध स्थलों के भ्रमण की सलाह दी।

इतिहास को महसूस करें, केवल फोटो तक सीमित न रहें

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे भ्रमण के दौरान केवल फोटो और वीडियो बनाने तक सीमित न रहें, बल्कि ऐतिहासिक स्थलों की कला, संस्कृति, स्थापत्य और विरासत को गहराई से समझने का प्रयास करें। इन अनुभवों से प्रेरणा लेकर उन्हें अपने जीवन में सकारात्मक रूप से अपनाएं।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों को भारत की विविधता में एकता और उसके समृद्ध इतिहास को समझने का नया दृष्टिकोण प्राप्त होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *