नई टिहरी। जनपद की पर्यटन नगरी धनोल्टी में आयोजित तहसील दिवस में आम जनता और जनप्रतिनिधियों का भारी जमावड़ा देखने को मिला। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के विकास, मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सामने आए।
तहसील दिवस के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विशेष रूप से सफाई व्यवस्था, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और पर्यटकों के लिए बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग प्रमुखता से उठाई। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
ग्राम सभा गोठ के प्रधान लाखी राम चमोली ने धनोल्टी से लगा गोठ तक सड़क निर्माण की मांग रखते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने इंटर कॉलेज धनोल्टी-चुलीसैण में कला वर्ग के लिए पद सृजन, क्षेत्र में आधार कैंप की स्थापना तथा लगा गोठ में आंगनबाड़ी केंद्र खोलने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने पशुपालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए पशुओं के बीमा और टीकाकरण व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की।
प्रधान लामाकांडे दिनेश रावत ने आपदा प्रभावितों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने लामाकांडे से हटवाल गांव तक क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत के दौरान सुरक्षा दीवार निर्माण, सौंग नदी पर बने चेक डैम से कृषि भूमि को हो रहे नुकसान को रोकने तथा चुनारी गाड़ नाले में तटबंध निर्माण की आवश्यकता भी बताई।
तहसील दिवस में समाज के कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दे भी सामने आए। मंजू देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लोगों को लाभान्वित करने और स्कूलों में कार्यरत भोजन माताओं के मानदेय में वृद्धि की मांग रखी। वहीं टैक्सी-मैक्सी एसोसिएशन धनोल्टी ने पर्यटकों और चालकों की सुविधा के लिए टैक्सी स्टैंड हेतु भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
जिला पंचायत सदस्य दीक्षा नेगी ने क्षेत्र में आधार केंद्र की स्थापना, खनेरी-छंडूखिल-धनोल्टी मोटर मार्ग को जोड़ने तथा वन विभाग से संबंधित लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई। इसके अतिरिक्त धनोल्टी-कद्दूखाल क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था, विद्युत लाइनों को प्रभावित कर रहे पेड़ों की लॉपिंग, मोबाइल नेटवर्क समस्या, धनोल्टी पार्क में सफाई व्यवस्था सुधार, जर्जर उपकरणों की मरम्मत और कर्मचारियों के मानदेय वृद्धि जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
