प्रतापनगर के एयर वाइस मार्शल राजेश भंडारी को मिलेगा ‘जनभूषण सम्मान’

नई टिहरी। विधानसभा क्षेत्र प्रतापनगर की पट्टी रैका अंतर्गत पडिया गांव के मूल निवासी एवं भारतीय वायु सेना के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी राजेश भंडारी को उनके उत्कृष्ट सैन्य करियर और देश सेवा के लिए ‘जनभूषण सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा।

आगामी 22 फरवरी को राजकीय इंटर कॉलेज लंबगांव में कस्तूरबा गांधी दिवस के अवसर पर आयोजित एक भव्य समारोह में प्रतापनगर नागरिक सम्मान मंच की ओर से उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान देशहित में दी गई उनकी विशिष्ट और समर्पित सेवाओं के लिए दिया जा रहा है, जिससे प्रतापनगर क्षेत्र और उत्तराखंड राज्य का नाम गौरवान्वित हुआ है।


प्रेरणादायक रहा सैन्य सफर

राजेश भंडारी ने 15 दिसंबर 1990 को भारतीय वायु सेना में कमीशन प्राप्त कर अपने सैन्य जीवन की शुरुआत की थी। अपने दीर्घ और गौरवपूर्ण सेवाकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

उनकी असाधारण सेवाओं के लिए उन्हें भारत के राष्ट्रपति द्वारा ‘विशिष्ट सेवा मेडल’ से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों एवं वायु सेना प्रमुख द्वारा भी उन्हें विभिन्न अवसरों पर सम्मानित किया गया।

सेवाकाल के दौरान उन्होंने वायु सेना मुख्यालय में संयुक्त निदेशक लॉजिस्टिक्स, प्रीमियम इकाइयों के कमांडिंग ऑफिसर, महानिदेशक वायु सेना संचालन के स्टाफ ऑफिसर तथा दक्षिण पश्चिमी वायु कमान में एयर ऑफिसर के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
1 फरवरी 2022 को उनकी पदोन्नति एयर कोमोडोर के पद पर हुई। सेवानिवृत्ति से पूर्व वे भारतीय वायु सेना में असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (प्रोक्योरमेंट) जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत रहे।


क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल

एयर वाइस मार्शल राजेश भंडारी की उपलब्धियों पर पूरा प्रतापनगर क्षेत्र गर्व महसूस कर रहा है। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उनके योगदान को सराहनीय और अनुकरणीय बताया है।

प्रतापनगर नागरिक सम्मान मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि उन्हें ‘प्रतापनगर जनभूषण सम्मान’ से सम्मानित किया जाना पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण होगा। सम्मान समारोह को लेकर स्थानीय लोगों और युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *