67 घंटे में 1,002 किमी की साइकिलिंग राइड, यूजेवीएनएल के इंजीनियर प्रदीप कैड़ा ने PBP के लिए किया क्वालीफाई

देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड के सहायक अभियंता प्रदीप सिंह कैड़ा ने लंबी दूरी की साइकिलिंग में शानदार उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने LOC 1000 KM BRM (Paris-Brest-Paris Qualifier) साइक्लिंग स्पर्धा को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए प्रतिष्ठित पेरिस-ब्रेस्ट-पेरिस (PBP) साइक्लिंग स्पर्धा के लिए क्वालीफाई किया है।

प्रदीप सिंह कैड़ा ने 1,002.60 किलोमीटर की दूरी महज 67 घंटे में पूरी की। उनकी यह चुनौतीपूर्ण राइड दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए अटारी (वाघा) बॉर्डर तक पहुंची। पूरी राइड के दौरान उन्होंने 3,804 मीटर का Elevation Gain भी पूरा किया।

एमडी अजय कुमार सिंह से की मुलाकात

इस उल्लेखनीय उपलब्धि के बाद प्रदीप सिंह कैड़ा ने यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह से भेंट की और उन्हें अपनी साइकिलिंग यात्रा के अनुभवों से अवगत कराया। उन्होंने राइड के दौरान सामने आई चुनौतियों, कठिन परिस्थितियों और उनसे निपटने के लिए अपनाई गई रणनीतियों के बारे में जानकारी दी।

कैड़ा ने अपनी सफलता के लिए की गई तैयारियों का उल्लेख करते हुए खेल एवं फिटनेस को प्रोत्साहित करने के लिए निगम प्रबंधन की ओर से मिले सहयोग के लिए प्रबंध निदेशक का आभार व्यक्त किया।

अनुशासन और मानसिक दृढ़ता का परिचायक: एमडी

प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने प्रदीप सिंह कैड़ा को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि लंबी दूरी की साइकिलिंग जैसी चुनौती को निर्धारित समय में पूरा करना उनके अनुशासन, धैर्य, मानसिक दृढ़ता और फिटनेस को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि कैड़ा की यह सफलता यूजेवीएनएल के कार्मिकों और युवाओं को खेल तथा फिटनेस के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। एमडी ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित पेरिस-ब्रेस्ट-पेरिस साइक्लिंग स्पर्धा के लिए शुभकामनाएं देते हुए आगामी चुनौती के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहने का सुझाव दिया।

दो बार हासिल कर चुके हैं Super Randonneur का खिताब

प्रदीप सिंह कैड़ा इससे पहले दो बार Super Randonneur का खिताब भी हासिल कर चुके हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय यूजेवीएनएल प्रबंधन, परिवार और साथी साइकिलिस्टों के सहयोग एवं प्रोत्साहन को दिया।

उन्होंने मैत्री एडवेंचर क्लब, देहरादून साइक्लिंग क्लब, पहाड़ी पैडलर्स और राइड फॉर फ्रीडम ग्रुप के सदस्यों का भी आभार व्यक्त किया।

मुख्य उपलब्धियां:

  • कुल दूरी: 1,002.60 किलोमीटर
  • समय: 67 घंटे
  • Elevation Gain: 3,804 मीटर
  • रूट: दिल्ली–हरियाणा–पंजाब–अटारी (वाघा) बॉर्डर
  • उपलब्धि: PBP के लिए क्वालीफाई
  • पूर्व उपलब्धि: दो बार Super Randonneur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *