चमोली। थराली मुख्य बाजार में लंबे समय से लग रहे जाम से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। बाजार क्षेत्र में सड़कों के किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के कारण लगातार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्य बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए पीआरडी के जवान तैनात किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद ट्रैफिक व्यवस्था में खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। इन दिनों उत्तराखंड में विधानसभा सत्र चलने के कारण पुलिस बल भी अन्य व्यवस्थाओं में व्यस्त है।
इधर थराली-देवाल मोटर मार्ग पर थराली मुख्य बाजार और मस्जिद मार्केट के आसपास सड़कों के किनारे खड़े आड़े-तिरछे वाहनों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ता है।
नगर क्षेत्र में छोटे और बड़े वाहनों के लिए किसी प्रकार की पार्किंग व्यवस्था नहीं है। ऐसे में वाहन स्वामी अपने वाहन बाजार में ही खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क और अधिक संकरी हो जाती है और जाम की समस्या बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से थराली नगर क्षेत्र में पार्किंग की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक थराली नगर पंचायत की ओर से कोई पार्किंग स्थल विकसित नहीं किया गया है।
पार्किंग की कमी के कारण यहां से गुजरने वाले वाहनों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को सड़क पर रेंग-रेंग कर निकलना पड़ता है। दोपहर के समय स्कूल की छुट्टी के दौरान जाम की समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार थराली में पार्किंग की समस्या अब सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है। सड़कें पहले से ही संकरी हैं और ऐसे में मनमाने तरीके से सड़कों पर वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। फिलहाल ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पीआरडी के जवान तैनात हैं, लेकिन जाम की समस्या अभी भी जस की तस बनी हुई है।
