अर्थ एवं संख्या निदेशालय के नए निदेशक बने डॉ. मनोज कुमार पंत, तकनीक और नवाचार पर रहेगा जोर

देहरादून। अर्थ एवं संख्या निदेशालय, उत्तराखण्ड को नए निदेशक के रूप में डॉ. मनोज कुमार पंत मिले हैं। डॉ. पंत ने गुरुवार को आईटी पार्क, देहरादून स्थित निदेशालय में निदेशक पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने पर निदेशालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यभार संभालने के बाद डॉ. पंत ने निदेशालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति, वर्तमान प्राथमिकताओं और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर

डॉ. पंत ने कहा कि वर्तमान दौर में सांख्यिकी कार्यों को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुख बनाने के लिए आधुनिक तकनीक एवं सूचना प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग जरूरी है। उन्होंने विभागीय कार्यों में नई तकनीकों को शामिल करने और तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सांख्यिकी के क्षेत्र में बदलती जरूरतों के अनुरूप आईटी एवं सांख्यिकी कौशल के विकास के साथ कार्यप्रणाली में नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की क्षमता विकास को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

टीम भावना से काम करने का आह्वान

निदेशक डॉ. पंत ने कहा कि निदेशालय की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करें। उन्होंने विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय और परिणाम हासिल करने के लिए कर्मचारियों से सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा जताई।

इस दौरान उन्होंने भविष्य की कार्ययोजना को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुझाव भी प्राप्त किए। माना जा रहा है कि तकनीक, नवाचार और क्षमता विकास पर फोकस के साथ निदेशालय की कार्यप्रणाली को और अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *