देहरादून |
राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास, देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विकास एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी प्रगति की जानकारी दी।
अशोक वर्मा ने मुख्यमंत्री के निर्देशन में संचालित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत विकासखंड कलजीखाल सभागार में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का उल्लेख करते हुए बताया कि शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं तथा क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
उन्होंने कलजीखाल जनसेवा शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं की विस्तृत रिपोर्ट भी मुख्यमंत्री को सौंपी। रिपोर्ट में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी प्रमुख मांगों को शामिल किया गया है। वर्मा ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिपोर्ट का अवलोकन कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “अंतिम व्यक्ति तक विकास” की नीति के अनुरूप कार्य कर रही है और पिछड़ा वर्ग के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
इसके बाद अशोक वर्मा ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार से भी भेंट कर उन्हें कलजीखाल जनसेवा शिविर की रिपोर्ट सौंपी। दोनों नेताओं के बीच क्षेत्र की समस्याओं और विकास संबंधी सुझावों पर विस्तार से चर्चा हुई।
अंत में अशोक वर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
