देहरादून।
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा चकराता के चिल्ड्रन्स पार्क में मंगलवार से तीन दिवसीय ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषयक एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विकासनगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने किया।
इस अवसर पर कैंट बोर्ड, चकराता के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिपु दमन सिंह, कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष अनिल चांदना तथा खंड विकास अधिकारी राकेश बिष्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब ग्रामीण भारत आत्मनिर्भर और सशक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन को प्राथमिकता देते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने नागरिकों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
खंड विकास अधिकारी राकेश बिष्ट ने कहा कि ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ गांवों के समग्र विकास, रोजगार के नए अवसरों के सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय और जनभागीदारी को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के तहत जौनसार पब्लिक स्कूल, चकराता के विद्यार्थियों के बीच ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ विषय पर पोस्टर मेकिंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने आकर्षक चित्रों और पोस्टरों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया।

कार्यक्रम स्थल पर बाल विकास विभाग, खंड विकास विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा सूचना एवं जागरूकता स्टॉल लगाए गए। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान चित्र प्रदर्शनी, जन-जागरूकता गतिविधियां, प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉल के माध्यम से आमजन को केंद्र सरकार की योजनाओं तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
