DM नितिका खण्डेलवाल के सख्त निर्देश, 7 दिन में अनिवार्य रूप से निस्तारित हों जनशिकायतें

 

नई टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनता एवं जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं अनिवार्य निस्तारण को लेकर सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी प्रत्येक शिकायत का अधिकतम सात दिवस के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न माध्यमों से जिला कार्यालय को प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को नियमित रूप से भेजा जाता है। निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण आख्या उपलब्ध नहीं कराने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

तथ्यों और साक्ष्यों के साथ देनी होगी निस्तारण आख्या

डीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत के निस्तारण में तथ्यों, अभिलेखीय साक्ष्यों और की गई कार्रवाई का स्पष्ट उल्लेख किया जाए। निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण आख्या जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने के साथ ही संबंधित शिकायतकर्ता को भी की गई कार्रवाई एवं निस्तारण की जानकारी दी जाए।

उन्होंने अधिकारियों से जिला कार्यालय से प्राप्त शिकायतों की सूची का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

शिकायतकर्ता को बार-बार पत्राचार के लिए न किया जाए मजबूर

जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार पत्राचार करने के लिए मजबूर न होना पड़े।

उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुशासन एवं जनविश्वास की महत्वपूर्ण कड़ी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *