BJP चोपता मंडल की बूथ सशक्तीकरण बैठक आयोजित, ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ का दिया मंत्र

रुद्रप्रयाग। भारतीय जनता पार्टी के चोपता मंडल की बूथ सशक्तीकरण बैठक दुर्गाधार स्थित गेस्ट हाउस में मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर मंथन किया।

बैठक की मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने चोपता मंडल के 29 बूथों और आठ शक्ति केंद्रों की संगठनात्मक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बूथ तभी मजबूत होगा, जब मंडल के सभी कार्यकर्ता और बूथ समिति के सदस्य आपसी समन्वय के साथ एकजुट होकर काम करेंगे।

विधायक ने बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी, बीएलए-2, बूथ समिति सदस्यों और कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

हर बूथ पर सामूहिक रूप से सुनी जाए ‘मन की बात’

आशा नौटियाल ने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं द्वारा सामूहिक रूप से सुना जाए। उन्होंने संगठन के आगामी कार्यक्रमों और बूथ स्तर पर तैयार की जाने वाली कार्ययोजना की जानकारी भी कार्यकर्ताओं को दी।

कार्यक्रम के संयोजक एवं सतेराखाल वार्ड से जिला पंचायत सदस्य गंभीर सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन में अपनी भूमिका के अनुरूप जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसा संगठन है, जो सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलता है।

‘बूथ की मजबूती ही संगठन की मजबूती’

सारी वार्ड से जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन कांडपाल ने कहा कि बूथ की मजबूती ही संगठन की मजबूती है और भाजपा की मूल शक्ति उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद और बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए संगठन के अनुशासन के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पात्र परिवारों और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

बैठक के अंत में मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *