उत्तरकाशी में जनपदीय युवा संसद का आयोजन, 91 छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी स्थित रामचंद्र उनियाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रेक्षागृह में “मेरा युवा भारत, उत्तरकाशी” तथा भारत सरकार का युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में जनपदीय युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “आपातकाल के 50 वर्ष : भारतीय लोकतंत्र के लिए एक सबक” रहा। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों से कुल 91 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डी. पी. बलूनी, प्रभागीय वनाधिकारी उत्तरकाशी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. मधु थपलियाल ने नेतृत्व के गुणों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को अध्ययनशील बनने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि डी. पी. बलूनी ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की भूमिका की प्रासंगिकता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का होना अत्यंत महत्वपूर्ण है। विपक्ष सरकार की नीतियों और कार्यों की आलोचना कर उन्हें बेहतर बनाने का अवसर प्रदान करता है तथा सरकार को जवाबदेह बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं को गंभीर अध्ययन की आदत विकसित करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. भगवान नौटियाल, कुलपति श्रीमति मंजीरा देवी शिक्षण संस्थान, ने युवाओं को सरकार द्वारा संचालित रोजगार योजनाओं का लाभ उठाकर स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया।

इसके पश्चात आशीष पंत, नेहरू युवा केंद्र, उत्तरकाशी ने “विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026” के नियमों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *