नई टिहरी। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत और पुलिस कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन चंबा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले भर के थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों ने भाग लिया।
पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं, मौके पर दिए समाधान के निर्देश
गोष्ठी की शुरुआत में एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि तनावमुक्त पुलिस बल ही समाज को बेहतर सुरक्षा प्रदान कर सकता है।
26 पुलिसकर्मी बने ‘इम्प्लाई ऑफ द मंथ’
पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले 26 पुलिसकर्मियों को “इम्प्लाई ऑफ द मंथ” घोषित किया गया। सभी को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने कहा कि यह पहल अन्य कर्मचारियों को भी समर्पण और ईमानदारी से कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।
अपराध समीक्षा और त्योहारों को लेकर रणनीति
बैठक में पिछले माह के अपराधों, लंबित विवेचनाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। आगामी त्योहारों के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की रणनीति तैयार की गई।
सड़क सुरक्षा पर विशेष प्रशिक्षण
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आईआरएडी (इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डेटाबेस) पोर्टल पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। अधिकारियों को दुर्घटनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण, डेटा अपलोडिंग और ब्लैक स्पॉट की पहचान के बारे में जानकारी दी गई।
नशा तस्करों और ट्रैफिक उल्लंघन पर सख्ती
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मंदिरों और प्रमुख चौराहों पर चोरी रोकने के लिए अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज किया जाए और ‘ड्रंकन ड्राइव’ के मामलों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
