जौनपुर ब्लॉक में बाल अधिकार कार्यशाला, मेधावी छात्र सम्मानित

नई टिहरी। उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के तत्वावधान में जौनपुर ब्लॉक के थत्यूड़ सभागार में बाल अधिकार एवं सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना था।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक राम त्रिपाठी ने पॉक्सो अधिनियम की जानकारी देते हुए बच्चों से किसी भी अप्रिय घटना की सूचना निडर होकर अभिभावकों या शिक्षकों को देने की अपील की। विशेषज्ञों ने साइबर अपराध, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा पर भी मार्गदर्शन दिया।

इस अवसर पर वर्ष 2024-25 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह निषेध और बाल श्रम उन्मूलन का संदेश भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *