हल्द्वानी में पत्रकारों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, 100 से अधिक मीडियाकर्मियों ने उठाया लाभ

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में गुरुवार को हल्द्वानी मीडिया सेंटर में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से एक दिवसीय विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत एवं संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने किया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने भी शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पत्रकारिता सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है और सरकार मीडिया कर्मियों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील है।

शिविर में एक्स-रे, ईसीजी, बीपी, शुगर, थायराइड सहित विभिन्न रक्त जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। हृदय, हड्डी, स्त्री, नेत्र एवं दंत रोग विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।

हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं और कालाढूंगी समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 100 पत्रकारों एवं उनके परिजनों ने शिविर का लाभ उठाया। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *