घनसाली को 13.01 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, बसंत महोत्सव–2026 का भव्य शुभारंभ

टिहरी। घनसाली नगर पंचायत क्षेत्र में आयोजित तीन दिवसीय घनसाली बसंत महोत्सव–2026 का शुभारंभ प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज एवं जलागम मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर उन्होंने घनसाली विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 13 करोड़ 1 लाख 42 हजार रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी।

कैबिनेट मंत्री ने लोक निर्माण विभाग की 1.71 करोड़ रुपये की योजना तथा सिंचाई विभाग की 10.69 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही पंचायतीराज विभाग के तहत 60 लाख रुपये की लागत से तीन पंचायत भवनों का लोकार्पण किया।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि बसंत उत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि राज्य में सड़क कनेक्टिविटी, ग्राम संपर्क योजना, होमस्टे योजना और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आकर्षण बटोरा। स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जबकि वीर माधो सिंह भंडारी के जीवन पर आधारित नाटक के लिए 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। इस दौरान महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी वितरित की गई।

कार्यक्रम में विधायक शक्ति लाल शाह, जिलाधिकारी टिहरी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *