चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत गुरुवार को विकासखंड गैरसैंण की तहसील आदिबद्री के न्याय पंचायत देवलकोट (कंसुआ) में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर सचिव उत्तराखंड शासन विनोद गिरी गोस्वामी ने की।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाना था। मौके पर स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, कृषि, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, पशुपालन, आयुर्वेद, होम्योपैथिक, रीप और बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों के स्टाल लगाए गए।
शिविर में कुल 380 लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उनका लाभ उठाया। इस दौरान कुल 20 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, कृषि और सामाजिक समस्याएँ शामिल थीं, और सभी शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
