देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत जनपद देहरादून के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में मीठीबेरी से परवल होते हुए चांदनी चौक तक तथा परवल से विज्ञान धाम झाझरा तक 1203.40 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के द्वितीय चरण (किलोमीटर 1 से 10) का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदृढ़ सड़क अवसंरचना प्रदेश के समग्र विकास का आधार है। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को गति मिलेगी तथा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था सशक्त होगी।
सहसपुर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। इनमें भाऊवाला में पेयजल आपूर्ति हेतु नलकूप निर्माण, नगर निगम क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए दरू चौक से केशववाला नदी तक नाला निर्माण, आर्केडिया बड़ोवाला पार्क के पास मोक्षधाम निर्माण, आसनपुर से श्मशान घाट तक पुस्ता एवं मार्ग निर्माण शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त ठाकुरपुर अंतर्गत उमेदपुर व परवल में आसन नदी पर कृषि भूमि की सुरक्षा हेतु पुस्ता निर्माण, वार्ड संख्या 93 बड़ोवाला आवासीय क्षेत्र की सुरक्षा के लिए पुस्ता निर्माण तथा पौंधा में श्मशान घाट सड़क निर्माण एवं भूमि कटाव रोकने के लिए पुस्ता निर्माण की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।

समावेशी विकास में उत्तराखंड अग्रणी
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रेटिंग्स में उत्तराखंड समावेशी विकास के मामले में अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है। उन्होंने मातृशक्ति को पहाड़ की अर्थव्यवस्था का केंद्र बताते हुए ‘लखपति दीदी’ योजना का उल्लेख किया और कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं ऐसे उत्पाद तैयार कर रही हैं जो बहुराष्ट्रीय कंपनियों को भी प्रतिस्पर्धा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था 26 गुना बढ़ी है, बजट आकार एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है, विद्युत उत्पादन चार गुना बढ़ा है और रिवर्स माइग्रेशन में 44 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है।
देवभूमि की अस्मिता पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की मूल पहचान, संस्कृति और जनसांख्यिकीय संतुलन से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून तथा अवैध अतिक्रमण और भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई को सरकार की प्रतिबद्धता बताया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और इस वित्तीय वर्ष में 10 से 12 हजार नियुक्तियों की तैयारी की जा रही है।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में सुशासन और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं तथा युवा, महिला और किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
