गौचर में ‘अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ का लोकार्पण, अब मिलेगी मुफ्त दवा और जांच सुविधा

गौचर। नगर क्षेत्र गौचर में पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी एवं अधिशासी अधिकारी हेमंत चौहान ने केंद्र सरकार की योजना के अंतर्गत नवनिर्मित ‘अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ का विधिवत लोकार्पण किया।

इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि यह केंद्र ‘आरोग्यं परमं धनम्’ के संकल्प को साकार करेगा। अब स्थानीय लोगों को छोटी जांच और प्राथमिक उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

आरोग्य मंदिर में मरीजों को निःशुल्क दवाइयां, आवश्यक स्वास्थ्य जांचें, फ्री टेस्ट तथा प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। यह केंद्र शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में बॉम्बे शिवा हेल्थ सर्विस जेवी के प्रोजेक्ट मैनेजर देवेंद्र पासवान, डॉक्टर अभिषेक वर्मा, जीएनएम जगदीश सिंह, एमपीडब्ल्यू लक्ष्मण पटवाल, स्टाफ रीना, बबली, नगर पालिका के सभासद, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

पालिकाध्यक्ष ने कहा कि अंतिम छोर तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और यह आरोग्य मंदिर क्षेत्रवासियों की सेवा को समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *