सौन्दकोटी के कुलदीप नेगी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, मानवाधिकार आयोग में बनाए गए उत्तराखंड सचिव

 

नई टिहरी। टिहरी गढ़वाल के होनहार समाजसेवी और प्रशासनिक कार्यों में लंबा अनुभव रखने वाले कुलदीप सिंह नेगी को अंतरराष्ट्रीय स्तर की संस्था ने एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सामाजिक न्याय आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय गवर्निंग बोर्ड, नई दिल्ली ने सौन्दकोटी निवासी कुलदीप सिंह नेगी को आयोग का उत्तराखंड राज्य का सचिव नियुक्त किया है। उनकी इस नियुक्ति से जनपद में खुशी की लहर है। आयोग ने समाजसेवा के क्षेत्र में उनकी निरंतर सक्रियता, समर्पण और उनके विस्तृत अनुभव को देखते हुए उन्हें इस अहम पद के लिए चयनित किया है, जिससे प्रदेश में मानवाधिकार संरक्षण की मुहिम को नई धार मिलेगी।

 

कुलदीप सिंह नेगी का सामाजिक और प्रशासनिक सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। वे पूर्व में विभिन्न राजकीय विभागों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गहरी समझ रखते हैं। विशेष रूप से श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय में कुलपति के निजी सचिव के रूप में उन्होंने एक लंबा और सराहनीय कार्यकाल बिताया है। इसके अतिरिक्त, जब पूरा देश और प्रदेश कोविड-19 महामारी के संकट से जूझ रहा था, उस कठिन दौर में कुलदीप नेगी ने आगे बढ़कर आम जनमानस की निस्वार्थ भाव से सहायता की थी। कोविड काल में उनके द्वारा किए गए राहत कार्यों और जनसेवा की सर्वत्र प्रशंसा की गई थी। उनके इन्ही सेवाभावी कार्यों और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए आयोग ने उन्हें प्रदेश स्तर पर संगठन को मजबूत करने का दायित्व सौंपा है।

 

आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष बजाज ने नियुक्ति के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज के दबे-कुचले और पीड़ित वर्ग को न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि आयोग मानवाधिकार उल्लंघन, मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न, भ्रष्टाचार, बाल श्रम, श्रम शोषण और पुलिस प्रशासन द्वारा असहयोग जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कुलदीप नेगी के जुड़ने से उत्तराखंड में आयोग की गतिविधियों में तेजी आएगी और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने में मदद मिलेगी। आयोग का प्रयास है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *