खेल महाकुंभ 2026 में सेपियंस स्कूल ने जीते 13 पदक, 21 खिलाड़ियों का जिला स्तर पर चयन

देहरादून। उत्तराखंड सरकार की ओर से आयोजित खेल महाकुंभ 2026 में सेपियंस विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्याय पंचायत और ब्लॉक स्तर पर कुल 13 पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य नवीन रैना ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों ने प्रतिभा और मेहनत के बल पर यह साबित किया है कि परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह जीत पूरे सेपियंस परिवार की जीत है। प्रधानाचार्य ने उम्मीद जताई कि जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

खो-खो में सेपियंस विद्यालय का दबदबा

खो-खो प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 बालक, अंडर-19 बालक और अंडर-19 बालिका वर्ग में विद्यालय ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं ब्लॉक स्तर पर विद्यालय के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।

SJVN

विज्ञापन

वॉलीबॉल में भी जीता कांस्य

वॉलीबॉल प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में सेपियंस विद्यालय की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय के खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। कनिष्का शाह ने लॉन्ग जंप और 600 मीटर दौड़ में दो स्वर्ण पदक जीते। स्नेहा बुटोला ने 100 और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया।

इसके अलावा माही तोमर ने 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण, आराध्या तोमर ने 600 और 60 मीटर दौड़ में स्वर्ण तथा वंश धीमान ने 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 21 खिलाड़ियों का चयन

खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के 21 होनहार खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। विद्यालय प्रबंधन ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर विद्यालय की अध्यक्ष इंदिरा रानी, प्रबंधक रविकांत, श्रीमती रशिता सिपरा, प्रधानाचार्य नवीन रैना, विद्यालय निदेशिका रश्मि गोयल, स्कूल एकेडमिक प्रमोटर नंदी बिष्ट, अश्विनी कुमार, सुमलती उनियाल, बेबी राठौर, शारीरिक प्रशिक्षक बी.एस. राय, सतीश कुमार, संजय चौहान और सूरज चौहान ने खिलाड़ियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *