चमोली। उत्तराखंड जवाहर नवोदय एलुमनाई एसोसिएशन एवं नवोदय परिवार के संयुक्त प्रयासों से स्वर्गीय मनोज डुंगरियाल के परिवार की सहायता के लिए चलाया गया विशेष सहयोग अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अभियान के तहत पूर्व छात्रों, विभिन्न जिलों और बैचों से जुड़े सदस्यों के सहयोग से कुल ₹1,80,000 की राशि एकत्र की गई, जिसे उनके परिवार को चेक के माध्यम से सम्मानपूर्वक सौंपा गया।
स्वर्गीय मनोज डुंगरियाल के असामयिक निधन के बाद उनके परिवार में उनकी माता, पत्नी, लगभग पांच वर्षीय पुत्र तथा छोटा भाई शामिल हैं। परिवार की कठिन परिस्थितियों को देखते हुए नवोदय परिवार ने एकजुट होकर आर्थिक सहायता प्रदान की।
यह अभियान उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों में रह रहे नवोदयन पूर्व छात्रों के सहयोग से सफल रहा। इसके संचालन, समन्वय और जनसंपर्क में अंचला असवाल, सत्यदीप शाह, चंद्रेश अग्रवाल, पारुल गरोड़िया, दिनेश रावत, अंजू चौहान, भूपेंद्र सिंह नेगी एवं मनीष सिंह नेगी सहित कई सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर सभी दानदाताओं, स्वयंसेवकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि नवोदय परिवार की एकता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
संगठन समय-समय पर रक्तदान, स्वास्थ्य सहायता, करियर मार्गदर्शन और आपदा राहत जैसे सामाजिक कार्यों के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। हाल ही में दून अस्पताल में उपचाराधीन एक नवोदयन साथी की सहायता भी इसी श्रृंखला का हिस्सा रही।
