देहरादून। उत्तराखण्ड पुलिस को वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में उत्कृष्ट एवं प्रभावी कार्य निष्पादन के लिए भारत सरकार द्वारा प्रतिष्ठित “Institutional Performance Award for State Police” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान देशभर में पासपोर्ट आवेदनों के पुलिस सत्यापन संबंधी प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किया जाता है।
नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में शुक्रवार को आयोजित एक समारोह में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने उत्तराखण्ड पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) श्री ए. पी. अंशुमान को यह सम्मान प्रदान किया।
पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग भविष्य में भी जनसेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर उत्तराखण्ड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सरकार और पुलिस विभाग द्वारा जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सफलता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखण्ड पुलिस भविष्य में भी नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाने का कार्य करती रहेगी। उन्होंने इस उपलब्धि को उत्तराखण्ड के लिए गर्व का विषय बताते हुए पुलिस विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।
