अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर CSC द्वारा प्रदेशभर में योग शिविरों का आयोजन, प्रधानमंत्री कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण

देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) द्वारा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में व्यापक स्तर पर योग दिवस कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के सैकड़ों CSC केंद्रों पर योग शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

CSC ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के राज्य कार्यालय ने सभी जिला प्रबंधकों एवं ग्राम स्तरीय उद्यमियों (VLEs) को अपने-अपने क्षेत्रों में योग शिविर आयोजित करने तथा अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन शिविरों में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों एवं वरिष्ठ नागरिकों को योगाभ्यास कराया जाएगा। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन एवं सामूहिक योग कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी CSC केंद्रों पर किया जाएगा। इसके माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिक भी इस राष्ट्रीय आयोजन से जुड़ सकेंगे। CSC केंद्रों पर बड़ी स्क्रीन एवं डिजिटल माध्यमों के जरिए लाइव प्रसारण की विशेष व्यवस्था की जा रही है।

CSC अधिकारियों ने बताया कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। योग शिविरों में नागरिकों को नियमित योगाभ्यास अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने निकटतम CSC केंद्र पर आयोजित योग शिविर में भाग लेकर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ, निरोग और जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *