मुख्यमंत्री धामी ने 4,400 से अधिक श्रमिकों को डीबीटी के माध्यम से वितरित किए लगभग 11 करोड़ रुपये

 

 

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 4,400 से अधिक श्रमिक लाभार्थियों के खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से लगभग 11 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की।

 

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा तथा शिक्षा सहायता योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में वन क्लिक के माध्यम से यह राशि वितरित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के कार्यस्थलों के निकट आवश्यक सामग्री वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे उन्हें सुविधाजनक तरीके से लाभ प्राप्त हो सके।

 

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, उनके आश्रित बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन तथा जीवनोपयोगी सामग्री के वितरण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी योजनाओं के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि योजनाओं का लाभ केवल पात्र श्रमिकों को ही मिले।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पिछले एक वर्ष में 24,323 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की अनुदान राशि वितरित की जा चुकी है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है तथा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *