हरिद्वार। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने आगामी कांवड़ यात्रा और वर्षाकाल की तैयारियों को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी निर्माणाधीन कार्य, सड़क मरम्मत, नालियों की सफाई और अन्य आवश्यक कार्य पूरे कर लिए जाएं।
मंत्री ने हर की पैड़ी स्थित पंतदीप पार्किंग को जोड़ने वाले मार्ग पर नाली निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा सहारनपुर-रुड़की-हरिद्वार एक्सप्रेसवे (एसपीयूआर) परियोजना के कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में 4 से 5 करोड़ श्रद्धालु आते हैं, इसलिए यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘गड्ढामुक्त उत्तराखंड’ विजन के तहत सड़कों की मरम्मत समय पर पूरी करने और पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अपर सचिव पीडब्ल्यूडी महावीर सिंह चौहान, विभागाध्यक्ष आर.सी. शर्मा, मुख्य अभियंता दयानंद सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
