मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के लिए ₹10.08 करोड़ की स्वीकृति दी, कई जनपदों को मिली सौगात

 

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विकास कार्यों को गति देने और जनहित से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न परियोजनाओं हेतु कुल ₹10.08 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियों का अनुमोदन प्रदान किया है।

 

स्वीकृत योजनाओं के अंतर्गत पिथौरागढ़ जनपद में डीडीहाट क्षेत्र के श्री हरिचन्द देवता मंदिर के मास्टर प्लान विकास के लिए ₹1.42 करोड़, लोहारगांव में आंतरिक संपर्क मार्ग निर्माण हेतु ₹70.87 लाख, तथा बटकेश्वर मंदिर एवं तीर्थ स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए ₹63.39 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वहीं धारचूला क्षेत्र में पैदल मार्ग निर्माण के लिए ₹81.43 लाख की मंजूरी दी गई है।

 

अल्मोड़ा जनपद में सल्ट क्षेत्र के शिव मंदिर के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण हेतु ₹53.51 लाख, सोमेश्वर में प्राचीन गोपेश्वर महादेव मंदिर के विकास कार्यों एवं चेक डैम निर्माण के लिए ₹98.25 लाख तथा 50 हैंडपंप स्थापना के लिए ₹42.98 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।

 

पौड़ी जनपद के यमकेश्वर में जानकी पुल से चौरासी कुटिया तक संपर्क मार्ग को “बीटल्स स्ट्रीट” के रूप में विकसित करने हेतु ₹85.74 लाख स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में मोटर मार्गों के डामरीकरण, सुधार एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल ₹1.42 करोड़ की योजनाओं को मंजूरी दी गई है।

 

चम्पावत जनपद में लोहाघाट क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण हेतु ₹1 करोड़ से अधिक की योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। वहीं नैनीताल के भीमताल क्षेत्र में धर्मशाला निर्माण कार्यों के लिए ₹87.95 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

 

देहरादून में श्री गुरुनानक पब्लिक महिला इंटर कॉलेज की मरम्मत एवं पेंटिंग कार्यों हेतु ₹39.99 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण, आधारभूत ढांचे के विकास, संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। इन परियोजनाओं से न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *