देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के अंतर्गत हुए एमओयू एवं उनकी ग्राउंडिंग की प्रगति की समीक्षा हेतु उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के अंतर्गत कुल 3,57,693 करोड़ रुपये के 1,779 एमओयू संपादित किए गए थे, जिनमें से अब तक 1,06,953 करोड़ रुपये के एमओयू की ग्राउंडिंग सफलतापूर्वक हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के औद्योगिक और आर्थिक भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एमओयू क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं का त्वरित समाधान किया जाए, प्रत्येक विभाग में नोडल अधिकारी नामित हों तथा परियोजनाओं को तय समय-सीमा में धरातल पर उतारा जाए। उद्योगपतियों के साथ नियमित संवाद, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, डिजिटलीकरण और उद्योग-अनुकूल वातावरण पर विशेष बल दिया गया।
पर्यटन, उद्योग एवं निवेश के नए अवसरों पर फोकस करते हुए मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग को पिथौरागढ़, कैंची धाम सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक जनपद में प्रतिमाह “उद्योग मित्र समिति” की बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान संस्कृति, अध्यात्म और संतुलित विकास से है। इस दृष्टि से स्पिरिचुअल ज़ोन डेवलपमेंट, आयुर्वेद एम्स, हिंदू स्टडीज सेंटर, प्राच्य शोध केंद्र तथा भराड़ीसैंण में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
