जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कलेक्ट्रेट में राजस्व और विकास कार्यों की समीक्षा की

  

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित विकासात्मक कार्यों, राजस्व वसूली, न्यायालयीन प्रकरण, थानों और तहसील स्तर पर लंबित मामलों के साथ अन्य प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत जानकारी ली गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरण समय सीमा के भीतर निपटाए जाएं और आमजन को सेवाओं का लाभ नियत समय में उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन स्तरों पर शासकीय कार्य लंबित पाए गए, संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को राशन डीलरों को एडवांस आपूर्ति करने और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता नियमित चेक करने के निर्देश दिए। संबंधित उप जिलाधिकारियों को राशन दुकानों की समय-समय पर जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने आबकारी और पुलिस विभाग को अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए संयुक्त अभियान चलाने और रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उप जिला अधिकारियों को अवैध खनन रोकने हेतु पुलिस टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाने और एआरटीओ को वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे समेत राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *