हरिद्वार पुलिस ने फेक करेंसी गैंग का किया भंडाफोड़, पंजाब से दो आरोपी गिरफ्तार

 

 

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने नकली करेंसी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 1.10 लाख रुपये के नकली नोट, नकली नोट छापने में प्रयुक्त प्रिंटर और एक वरना कार बरामद की है।

कोतवाली नगर पुलिस ने 6 जुलाई को चार आरोपियों—सरजीत सिंह, टिंकू, सुमित कुमार और संजीव कुमार—को 84,500 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमांड मिलने पर टिंकू और सुमित से हुई पूछताछ में गिरोह के मुख्य सरगनाओं की जानकारी मिली।

जांच के आधार पर पुलिस टीम पंजाब पहुंची, जहां पवन कुमार को पठानकोट हाईवे स्थित उसके ढाबे से 5,000 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं सुखबीर सिंह को 1 लाख रुपये के नकली नोट, एक प्रिंटर और वरना कार सहित दबोच लिया गया। जांच में सामने आया कि दोनों असली 50 हजार रुपये के बदले 1 लाख रुपये के नकली नोट देकर अवैध मुनाफा कमाते थे।

पुलिस के अनुसार पवन ढाबे और सुखबीर कपड़े के व्यवसाय की आड़ में नकली करेंसी का कारोबार चला रहे थे। सुखबीर वर्ष 2020 में बैंक फ्रॉड तथा 2024 में जाली करेंसी के मामले में पंजाब में जेल जा चुका है, जबकि पवन वर्ष 2022 में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल गया था। जेल में दोनों की दोस्ती हुई और वहीं से नकली नोटों का नेटवर्क तैयार किया गया।पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, उपनिरीक्षक ऋषिकांत पटवाल सहित कोतवाली नगर पुलिस टीम ने अंजाम दिया। एसएसपी नवनीत सिंह ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *