देहरादून। जनपद दून और आसपास के मैदानी इलाकों में सूरज की तपिश अब झुलसाने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर डाल दिया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे मैदानी क्षेत्रों और दून नगर में पारा चालीस डिग्री सेल्सियस के पार जाने की प्रबल आशंका है। वहीं जौलीग्रांट एवं डोईवाला क्षेत्रों में तापमान पैंतीस से चालीस डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने की संभावना है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, नगर निकाय, श्रम और शिक्षा सहित सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और आपसी तालमेल से काम करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे जिले के सभी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं, जीवन रक्षक घोल (ओआरएस) और बोतलों (आईवी फ्लूइड्स) का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखें। लू लगने (हीट स्ट्रोक) और शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) से पीड़ित मरीजों के त्वरित इलाज के लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
