फर्जी आधार कार्ड के साथ बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, ऑपरेशन प्रहार में बड़ी कार्रवाई

देहरादून। उत्तराखंड में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऋषिकेश पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने नटराज चौक क्षेत्र से एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार महिला की पहचान रीना उर्फ रीता (निवासी सरियातपुर, बांग्लादेश) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वह करीब एक माह पहले ‘रिपोन’ नामक व्यक्ति की मदद से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थी।

आरोपी महिला ने अपनी पहचान छिपाने के लिए पश्चिम बंगाल से फर्जी आधार कार्ड और अन्य भारतीय दस्तावेज तैयार कराए थे, जिससे वह खुद को भारतीय नागरिक साबित कर सके। तलाशी के दौरान उसके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र, फर्जी आधार कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में उन लोगों की तलाश जारी है, जिन्होंने आरोपी को फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराए। कोतवाली ऋषिकेश में महिला के खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम और विदेशी अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत आगे भी अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों और फर्जी दस्तावेज बनाने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *